मदार नहर से भी आ रहा पानी, अब लिंक नहर से मिला सहयोग
उदयपुर,(ARLive news)। फतेहसागर को लबालब देखने की तम्मना रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। बुधवार दोपहर सवा दो बजे स्वरूपसागर लिंक नहर के गेट भी खोल दिये गए। इससे फतेहसागर में दो तरफा आवक शुरू हो गई है। तीन दिन से मदार नहर से आवक बनी हुई थी।
फतेहसागर का जलस्तर अभी 13 फीट के मुकाबले 6 फीट के करीब है। अब दो तरफा आवक होने से अब फतेहसागर के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होगी और अभी रानी रोड की तरफ किनारे किनारे झील का पेटा खाली नजर आ रहा है वह भी जल्द पानी से ढक सकेगा। इधर देवास प्रथम बांध के गेट खोलने से पीछोला में सीसारमा नदी से आवक बनी हुई है। पीछोला का जलस्तर 11 फीट के मुकाबले 10 फीट के करीब पहुँच गया है।
16 – 17 सितंबर को मेवाड़ में तेज बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग ने 16-17 सितंबर को उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी व अति भारी बारिश होने की संभावना जताई है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ व आसपास के उड़ीसा क्षेत्र के ऊपर एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश से होते हुए पूर्वी राजस्थान की और आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। 16-17 सितंबर को इस सिस्टम का सर्वाधिक असर रहेगा। इस दौरान उदयपुरऔर कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी व अति भारी बारिश होने की संभावना है।

