उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर जिले सहित संभाग में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में उदयपुर शहर में 24 एमएम बारिश हुई है, जबकि संभाग की सर्वाधिक बारिश बांसवाड़ा के गढ़ी में 130 एमएम (5 इंच से अधिक) बारिश हुई है। मदार बड़ा तालाब भी 24 फीट के मुकाबले अब 19 फीट तक हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज मेवाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस अनुसार उदयपुर संभाग में तेज बारिश की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार उदयपुर जिले में सर्वाधिक बारिश सलूंबर के डाया बांध में 51 एमएम (2 इंच) बारिश हुई है। इसके अलावा उदयपुर सिटी में 24 एमएम, स्वरूप सागर में 17 एमएम, ऋषभदेव में 11 एमएम, उदयसागर में 10 एमएम, सेमारी में 10 एमएम, नाई में 7 एमएम, देवास में 5 एमएम, वल्लभनगर और सोमकागदर में 2-2 एमएम बारिश हुई है।
नगर निगम की अनदेखी से हमारा जीवन नरक के समान हो जाता है
उदयपुर शहर में अभी तक बहुत-अच्छी बारिश नहीं हुई हैं। लेकिन इतनी ही बारिश में घरों में पानी भरने की समस्या का आमजनता को सामना करना पड़ रहा है। गुरूवार सुबह हुई बारिश के बाद गोवर्धन विलास के सेक्टर 14 में 3/30 हाउसिंग बोर्ड के घरों में गंदा पानी भर गया। सवीना क्षेत्र में भी सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियों के आधे से ज्यादा टायर डूब गए।
सेक्टर 14 में 3/30 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी बृजेश मिश्रा ने बताया कि उनके क्षेत्र कें नालों की सफाई का काम नगर निगम करता है, जबकि बीते सालों में यह हाउसिंग बोर्ड के पास था। जब से यह कॉलोनी नगर निगम के पास आयी है, कॉलोनी की अनदेखी हो रही है। 6 फीट का नाला जिससे यहां पानी की निकासी होती थी, वह बंद पड़ा हुआ है। नगर निगम जाकर शिकायत की है कि इस नाले को साफ करवाया जाए। नगर निगम के हर अधिकारी को कई बार फोन और वाट्सअप कर इस बारे में निवेदन किया गया है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती। आज इतनी ही बारिश में घरों में नालों और सीवरेज का गंदा पानी भर गया है। यह हमारे लिए नरक के समान है।

