Site iconSite icon AR Live News

नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने एसीबी के अधिकारियों पर लगाया रिश्वतखोरों से मिलीभगत का आरोप

gulab chand kataria letter to acb dg bl soni for corruption allegations on acb officers - 1gulab chand kataria letter to acb dg bl soni for corruption allegations on acb officers - 1

जयपुर,(ARLive news)। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयपुर शहर विधायक गुलाब चंद कटारिया ने एसीबी के अधिकारियों पर रिश्वतखोरों से मिलीभगत का आरोप लगाया है और इस संबंध में एसीबी के महानिदेशक बीएल सोनी को पत्र लिखकर कार्यवाही करने के लिए कहा है।

कटारिया ने पत्र में बताया है कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत गंगानगर में दो ब्लॉक के स्कूल भवन निर्माण के लिए 35 लाख रूपए का बिल पास करने की एवज में सहायक अभियंता एईएन हरमीत सिंह और जेईएन रामप्रकाश को 45 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में रिश्वत मामले में अधीक्षण अभियंता रिछपाल सिंह की भी भूमिका सामने आयी थी। एसीबी ने रिछपाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।

गुलाब चंद कटारिया ने आरोप लगाया है कि मामले में ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। मामले में अधीक्षण अभियंता रिछपाल सिंह को छोड़ना एसीबी अधिकारियों की मिलीभगत को दर्शाता है। कटारिया ने कहा कि ऐसे गंभीर प्रकरण में एसीबी अधिकारियों की मिलीभगत होना भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला है। इतने बड़े भ्रष्टाचार को दबाने की कोशिश की जा रही है। शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा अभियान के तहत लगभग 1000 करोड़ के भवन का निर्माण कार्य करवाया जाता है। ऐसे में इस मामले में कार्यवाही नहीं करने और अधिकारियों की मिलीभगत होने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।

कटारिया ने डीजी बीएल सोनी से आग्रह किया है कि आप इस संबंध में बिना कोई भेदभाव किए भ्रष्टाचार में पकड़े गए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए मुझे भी अवगत कराएं।

Exit mobile version