भुवनेश्वर,(ARLive news)। ओडिशा में जीएसटी घोटाले का खुलासा हुआ है। जीएसटी प्रवर्तन शाखा ने 323 करोड़ रुपए की जीएसटी धोखाधड़ी का खुलासा कर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित दो मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट राज्य में फर्जी चालान बनाने से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है।
जानकारी के अनुसार राज्य जीएसटी प्रवर्तन शाखा ने झारसुगुड़ा के चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित कुमार अग्रवाल और एसएस सिंडिकेट भुवनेश्वर के मालिक सतेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार किया। कटक स्थित वाणिज्यिक कर और जीएसटी आयुक्तालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों को 13 फर्जी कंपनियां बनाने और संचालन में शामिल मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
गिरोह ने हाल ही में पेश किए गए जीएसटी के सरलीकरण का फायदा उठाकर धोखाधड़ी की। दोनों ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत में 13 फर्जी कंपनियों के नाम पर नकली खरीद और बिक्री के चालान बनाकर 323 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया और उसे आगे बढ़ा दिया।

