उदयपुर,(ARLive news)। शहर घंटाघर क्षेत्र में बुधवार तड़के 4 बजे नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने हवाला कारोबार के 1 करोड़ 48 लाख 50 हजाऱ रूपयों को जब्त कर दो हवाला एजेंट को गिरफ्तार किया है। ये दोनों उदयपुर के व्यापारियों के हवाला का पैसा लेकर अहमदाबाद पहुंचाने जा रहे थे। दोनों एजेंट तो सिरोही के रहने वाले हैं, लेकिन इनका उदयपुर में घंटाघर क्षेत्र में भी ऑफिस है और ये सुबह यहीं से पैसा लेकर निकले थे।
थानाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सिरोही निवासी शंकर लाल पुत्र खीमाराम और प्रतापराम पुत्र तुलसाराम को गिरफ्तार किया है। इनकी कार और इनसे बरामद हुए 1 करोड़ 48 लाख 50 हजाऱ़ रूपए धारा 102 के तहत जब्त किए है और आयकर विभाग को सूचना दी गयी है।
ये रूपए उदयपुर में किन-किन व्यापारियों के हैं और यह अहमदाबाद में किन व्यापारियों को देने जा रहे थे, इस संबंध में पुलिस और आयकर विभाग पूछताछ कर संबंधित व्यापारियों संपर्क कर रहे हैं।
गाड़ी में सीट के नीचे बनाई हुई थी छोटे-छोटे बॉक्स
सुबह नाकाबंदी के दौरान एक गुजरात नंबर की कार घंटाघर क्षेत्र से निकल रही थी। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गाड़ी को रोका। चालक से पूछताछ की गयी तो मामला कुछ संदिग्ध लगा। इस पर नाकाबंदी में लगे जाब्ते ने कार की तलाषी ली, तो कार की सीट के नीचे छोटे-छोटे बॉक्स बने हुए थे।
जाब्ते ने इन बॉक्स को खोला तो इनमें नोटों से भरे अलग-अलग पैकेट्स मिले। नोटों को मषीन से गिना गया तो ये 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रूपए निकले। कार में मौजूद दोनों युवकों से इन रूपयों के बारे में पूछा गया तो ये संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। मामला हवाला करोबार का लगा तो आयकर विभाग को सूचना दी गयी और रूपयों को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नाकाबंदी के दौरान एएसआई बालुराम, कांस्टेबल प्रदीप सिंह, हरिराम और आषीष कुमार ने गाड़ी को संदिग्ध देखकर रोका था।

