उदयपुर,(ARLive news)। सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर में अहम भूमिका निभाने वाले सेवानिवृत एएसआई नारायण सिंह का शुक्रवार रात निधन हो गया। वे स्वास्थ्य खराब होने से गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती थे, जहां बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
एएसआई नारायण सिंह के निधन की सूचना मिलते ही उनके साथ एनकाउंटर केस में जेल में रहे एडीजी दिनेश एमएन, डीएसपी अब्दुल रहमान, निरीक्षक श्याम सिंह सहित अन्य साथी और परिचित उनके नाथद्वारा स्थित निवास स्थल पहुंचे। सभी ने उनके परिवार को ढांढस बंधाई।
शनिवार सुबह पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उदयपुर एसपी राजीव पचार, राजसमंद एसपी सुधीर चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि नारायण सिंह बहुत ही कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव के थे। तुलसी एनकाउंटर में उनकी अहम भूमिका रही थी और सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस को लेकर वे साथ में करीब 5 साल जेल में रहे। इस दौरान भी उन्होंने काफी धैर्य का परिचय दिया था।

