Site iconSite icon AR Live News

महिला पटवारी एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

acb arrests patwari for taking 100000 rs bribeacb arrests patwari for taking 100000 rs bribe

जोधपुर,(ARLive news)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) ने गुरुवार सुबह जोधपुर के कूरू गांव की एक महिला पटवारी सीमा रामावत को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। महिला पटवारी ने पत्थर की खान की मौका रिपोर्ट बनाने के लिए दो लाख रुपए की मांग की थी।

एसीबी के डीआईजी विष्णुकांत ने बताया कि 11 अप्रैल को कूरू गांव निवासी सुरेश कुमार जाट ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके अनुसार उसने ईदु खान नाम के एक व्यक्ति से पत्थर की खान खरीदी है। इसके लिए उसे मौका रिपोर्ट की आवश्यकता थी। पटवारी सीमा रामावत ने रिपोर्ट बनाने के लिए 2 लाख रुपए मांग की। कई दिन तक बातचीत के बाद सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ।

निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एसीबी की एक टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया। जिसके बाद आज ट्रैप कार्रवाई का आयोजन किया गया। सुरेश कुमार एक लाख रुपए की रिश्वत लेकर सीमा रामावत के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित मकान पर पहुंचा। सीमा ने सुरेश से रिश्वत राशि लेकर वहीं टेबल पर रख दी।

इसी दौरान एसीबी की टीम मौके पर पहुंच गई, एसीबी को देखते ही सीमा ने रिश्वत के एक लाख रुपए ऊपर से नीचे फेंक दिए। रुपए हवा में उड़ते हुए पड़ोसी मकान के ऊपर लगी नेट की जाली में जाकर बिखर गए। एसीबी की टीम ने रुपए बरामद कर सीमा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version