उदयपुर,(ARLive news)। जिले के कुराबाड़ क्षेत्र के गांव खेड़ी में सोमवार रात एक मगरमच्छ घुस आया। मगरमच्छ देखकर ग्रामीण भी दहशत में आ गए। घरों के आस-पास घूम रहे मगरमच्छ को ग्रामीणों ने लकड़ी से भगाने का प्रयास किया तो वह और आक्रामक हो गया।
गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। कुछ देर बाद मगरमच्छ गांव में बने महादेव मंदिर में कुंड में जा छुपा। जहां से वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया और बाघदड़ा नेचर पार्क के तालाब में छोड़ा या।
ग्रामीणों ने अनुमान लगाया कि मगरमच्छ खेड़ी-दांतेसर मार्ग पर बने एनीकट से गांव में घुस आया होगा। एनीकट में पहले भी कई बार मगरमच्छ दिखाई दे चुके है। रात को जब मगरमच्छ महादेव मंदिर के कुंड में जा छुपा तो ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने पूरी रात टॉर्च की रोशनी से मगरमच्छ को रेस्क्यू करने का प्रयास किया। अलसुबह बमुश्किल मगरमच्छ पकड़ में आया। वनकर्मियों की टीम ने मगरमच्छ को गांव से रेस्क्यू कर बाघदड़ा नेचर पार्क के तालाब में छोड़ दिया है। जब तक मगरमच्छ पकड़ा नहीं गया, पूरी रात ग्रामीण भी दहशत में रहे।

