राजस्थान पुलिस की जयपुर एसओजी टीम की बड़ी कार्यवाही
उदयपुर,(ARLive news)। जयपुर एसओजी टीम ने सोमवार को उदयपुर के सुखेर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को हैक कर लाखों रूपए चोरी करने का प्रयास करती दो विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। खासबात यह है कि यह महिलाएं पूर्व में भी ऐसी वारदातें कर चुकी हैं और बैंक एटीएम से लाखों रूपए पार कर चुकी है।
जयपुर एसओजी टीम के अनुसार देश युगांडा निवासी नानटोंगो एलेकजेन्ड्रस और गाम्बिया (देश) निवासी लोरा कैथ को गिरफ्तार किया है। ये दोनों महिलाएं पहले भी एटीएम को हैक कर 32 लाख रूपए पार कर चुकी हैं।
जयपुर में एटीएम से पार किए थे 32 लाख रूपए, तब से एसओजी कर रही थी निगरानी
पुलिस ने बताया कि इन महिलाओं ने पूर्व में भी इस प्रकार की वारदातें की हैं। उदयपुर से पहले दोनों महिलाएं कोटा गयी थीं, यहां इन्होंने एटीएम हैक करने की कोशिश की थी। इससे पहले इन दोनों महिलाओं ने जयपुर के महेश नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को हैक कर 32 लाख रूपए की ठगी की थी।
इसके बाद से ये दोनों युवतियां फरार चल रही थीं। एटीएम से पार हुए 32 लाख रूपए के मामले में जयपुर एसओजी टीम लगातार आरोपी महिलाओं की तलाश और निगरानी कर रही थी। एसओजी टीम आरोपी महिलाओं का पीछा करते करते जयपुर, कोटा और फिर उदयपुर में पहुंची और आज जब ये महिलाएं सुखेर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम को हैक करने का प्रयास कर रही थीं, तो एसओजी टीम ने इन्हें उसी समय धर दबोचा।

