जयपुर,(ARLive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में गुरूवार शाम को हुई मंत्रीमंडल और मंत्री परिषद की बैठक में राज्य के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग इंस्टीट्यूट को खोलने को लेकर अहम निर्णय लिया गया। इसके तहत 2 अगस्त से राज्य के सभी स्कूल बच्चों के लिए खुल सकेंगे। कोरोना प्रोटोकॉल की पालना करते हुए स्कूल में विद्यार्थियों को बुलाकर पढ़ाया जा सकेगा।
कैबिनेट बैठक के बाद शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासर ने भी ट्विट कर जानकारी दी और 2 अगस्त से स्कूल खोलने की घोषणा की। सरकार ने कक्षा 1 से 12 वीं तक के स्कूल खोलने पर मंजूरी दे दी है। हालां कि कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को खोलने की तारीख अभी तय होगी।
सभी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाया जाएगा
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के अनुसार 2 अगस्त से सभी कक्षाओं के बच्चों के लिए स्कूलों में कक्षाएं शुरू की जाएंगी। बच्चों की सुरक्षा के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आगे कोई दिक्कत आएगी, तो उस अनुसार निर्णय लिए जाएंगे, पर एक बार सभी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में और गरीब परिवारों के बच्चे ऑनलाइन शिक्षा की व्यवस्था नहीं कर पाते, इसलिए स्कूल खोलना जरूरी है।

