Site iconSite icon AR Live News

जेडीए एक्सईएन, चित्तौड़गढ़ डीटीओ और जोधपुर थानाधिकारी के यहां एसीबी के छापे: वैध आय से 1450% अधिक संपत्ति पकड़ी गयी

rajasthan acb raid on jda exen chittorgarh dto and jodhpur police inspectorrajasthan acb raid on jda exen chittorgarh dto and jodhpur police inspector

जयपुर,(ARLive news)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीमों ने गुरूवार को राज्य के अलग-अलग विभागों के तीन अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले दर्ज कर उनके घरों व कार्यक्षेत्र पर छापे मारे। एसीबी ने छापा की कार्यवाही में जमीनों के दस्तावेज और नकद राशि बरामद की। एसीबी जयपुर की इन्टेलिजेंस शाखा की गोपनीय सूचना के आधार पर गुरुवार को पर टीम ने इन कार्यवाहियों को अंजाम दिया।

एसीबी महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण, जोन मानसरोवर के अधिशाषी अभियन्ता (एक्सईएन) निर्मल कुमार गोयल, जोधपुर आयुक्तालय सूरसागर पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा और चितौडगढ़ जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) मनीष कुमार शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सर्च कार्रवाई की जा रही है।

एक्सईएन निर्मल कुमार गोयल के विरुद्ध कार्यवाही

प्रकरण दर्ज कर निर्मल कुमार गोयल के जयपुर स्थित विभिन्न स्थानों पर सर्च जारी है। प्रथम दृष्टया गोयल द्वारा अपने सेवाकाल में खर्च व परिसम्पतियों पर लगभग 6 करोड़ का निवेश करना पाया गया है। जो कि उनकी वैध आय का लगभग 1450 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है।

ब्यूरो की चार टीमों द्वारा निर्मल कुमार गोयल के चार स्थानों की तलाशी ली जा रही है। जिसमें प्रथम टीम को मध्यम मार्ग मानसरोवर, जयपुर स्थित निवास स्थान पर टीम को विदेशी व महंगी शराब की 23 बोतलें, 2000 डॉलर व 245 यूरो की विदेशी मुद्रा, नकद 2,27,790/रूपये, दो कार स्विफ्ट व हुण्डई सेन्ट्रो, एफआईआर के अतिरिक्त 1100 गज के कुल 2 प्लॉटस सुमेरनगर जयपुर में जिन पर निर्माण कार्य जारी है, डीग में एक हवेली के कागजात, दो लॉकर की चाबी, 318 ग्राम सोना व 3.5 किलोग्राम चांदी तथा अन्य प्रॉपर्टी के कागजात मिले हैं।

दूसरी ब्यूरो टीम को रजत पथ मानसरोवर जयपुर निवास स्थान की तलाशी में एक स्विफ्ट गाडी, नकद 1.60 लाख रूपये, 323.8 ग्राम सोना व 4400 किलोग्राम चांदी, एक लॉकर की चाबी मिली है। ब्यूरो की तीसरी टीम को मानसरोवर जयपुर स्थित फार्म हाउस से एक मर्सिडीज कार, एक बोलेरो कैम्पर भव्य फार्म हाउस सुख सुविधाओं युक्त मय लक्जरी आवास, विदेशी शराब की खाली बोतलें व महगें पेड पौधे आदि मिले। तथा ब्यूरो की चौथी टीम को जेडीए जयपुर ऑफिस से हिसाब किताब की डायरियां मिली है।

सूरसागर थानाधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा के विरूद्ध कार्यवाही

प्रकरण दर्ज कर प्रदीप कुमार शर्मा के जोधपुर, भोपालगढ़ व बीकानेर स्थित 4 स्थानों पर सर्च की कार्यवाही जारी है। प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा अपने सेवाकाल में खर्च व परिसम्पत्तियों पर लगभग 4.43 करोड़ का निवेश करना पाया गया है। जो उनकी वैध आय का 333 प्रतिशत अधिक है। ब्यूरो की तीन टीमों द्वारा प्रदीप कुमार शर्मा के चार स्थानों की तलाशी ली जा रही है। जिसमें प्रथम टीम को जोधपुर स्थित निवास स्थान पर केशर हेतु जमीन खरीदने का इकरार नामा की प्रति प्राप्त हुई है। द्वितीय टीम को प्राईवेट स्कूल भोपालगढ जोधपुर से 10 बीघा परिसर में स्कूल में 3 बस, लगभग 22000 वर्गफुट का निमार्ण व फर्नीचर मिले, तथा ब्यूरो की तीसरी टीम ने निवास स्थान बीकानेर को बन्द मिलने पर सील किया है।

चितौडगढ़ डीटीओ मनीष कुमार शर्मा के विरूद्ध कार्यवाही

प्रकरण दर्ज कर मनीष कुमार शर्मा के 6 ठिकानों पर विभिन्न टीमों द्वारा जयपुर, चितौडगढ, उदयपुर व जोधपुर इत्यादी स्थानों पर सर्च की जा रही है। मनीष कुमार शर्मा द्वारा अपने सेवाकाल में खर्च व परिसम्पत्तियों पर 1.84 करोड़ रूपये का निवेश करना पाया गया है। जो उनकी वैध आय से 232 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है। ब्यूरो की पांच टीमों द्वारा मनीष कुमार शर्मा के 6 स्थानों की तलाशी ली जा रही है।

जिसमें प्रथम टीम को चित्तौङगढ स्थित फ्लेट की तलाशी में नकद 99500/ रूपये, एक इनफील्ड बाईक, हुण्डई क्रेटा कार, विदेश यात्राओं से संबंधित दस्तावेज, लैपटॉप, कैमरा, एप्पल फोन इत्यादि मिले हैं। ब्यूरो की दूसरी टीम द्वारा जोधपुर स्थित आवास, तीसरी टीम द्वारा बाडमेर स्थित ट्रेवल्स एजेन्सी की तलाशी जारी है, अधिकारी का एक फ्लेट उदयपुर में है, जिसे ब्यूरो की एक टीम द्वारा सील किया गया है। इसी प्रकार जयपुर स्थित एक फ्लेट को भी सील किया गया है।

तलाशी की सम्पूर्ण कार्यवाही का समन्वय इन्टेलिजेश शाखा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा कर सम्पूर्ण कार्यवाही का निकटतम पर्यवेक्षण सवाई सिंह गोदारा उप महानिरीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा किया जा रहा है। तलाशी की कार्यवाही जारी है।

Exit mobile version