उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) उदयपुर यूनिट ने सोमवार को उदयपुर-अहमदाबाद पडुणा गांव में हाईवे पर अवैध रूप से चल रहे अवैध डीजल पंप पर छापा मारकर बड़ी कार्यवाही की। एसओजी टीम ने मौके से 9680 लीटर अवैध बायो डीजल सहित पेट्रोल पम्प पर उपयोग होने वाले नोजल पंप और रीडिंग मीटर बरामद किए। खासबात है कि यह अवैध डीजल पंप क्षेत्र के पूर्व सरपंच केशुलाल मीणा के होटल सर्वोत्तम के परिसर में टीन शेड डालकर चलाया जा रहा था।।
मौके पर पहुंचकर पूर्व सरपंच केशुलाल मीणा ने एसओजी को सफाई दी कि उसने यह होटल और पूरा परिसर भरत चारण नाम के व्यक्ति को किराए पर दिया हुआ है और उसने एसओजी के समक्ष एक किराया चिट्ठी भी पेश की। हालां कि एसओजी इस मामले में भरत चारण सहित केशुलाल मीणा की भूमिका की भी जांच करेगी।
एसओजी एडिएसपी माधुरी वर्मा ने बताया कि अहमदाबाद हाईवे पर अवैध रूप से बायोडीजल के भंडारण और बेचान होने की सूचना थी। इस पर एसओजी निरीक्षक सुबोध जांगिड़ ने टीम के साथ पडुणा गांव में पुलिया के नीचे मौके पर दबिश दी। वहां सर्वोत्तम होटल के पास होटल परिसर में टीन शेड गोदाम में भारी मात्रा में बायोडीजल बरामद हुआ।
टीम को देखकर मौके पर मौजूद व्यक्ति फरार हो गया। टीम ने मौके से 42 ड्रमों और एक टंकी में भरा कुल 9680 लीटर अवैध बायो डीजल बरामद किया। इसके अलावा मौके पर पेट्रोल पम्प की तरह गाड़ियों में बायो डीजल भरने के लिए नोजल और रीडिंग मीटर भी लगा था, जिसे भी एसओजी टीम ने जब्त किया है। एसओजी ने कार्यवाही कर टीडी थाने में मामला दर्ज करवाया है। एसओजी फरार हुए भरत चारण की तलाश कर रही है, वहीं होटल परिसर मालिक पूर्व सरपंच केशुलाल मीणा की भूमिका की जांच भी होगी।

