Site iconSite icon AR Live News

फ्री रेंटल स्कीम सेवा : 2.5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को निशुल्क किराए पर मिल सकेंगे ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र

rajasthan free rental scheme for small and marginal farmersrajasthan free rental scheme for small and marginal farmers

जयपुर,(ARLive news)। कृषि विभाग की ओर से कोविड–19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए छोटी जोत वाले जरूरतमंद किसानों को राहत देते हुए ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों की फ्री रेंटल स्कीम के तहत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

JFarm Services एप पर कर सकते हैं ऑर्डर बुक

कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया ने बताया कि टैफे कम्पनी की फर्म जे फार्म सर्विसेस के माध्यम से आगामी 31 जुलाई तक 2.5 एकड़ से कम भूमि के स्वामित्व वाले किसानों को निःशुल्क किराए पर ट्रेक्टर एवं कृषि यंत्रों की सेवाएं मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि काश्तकार https://jfarmservices.com लिंक के माध्यम से खुद को JFarm Services एप पर रजिस्टर कर ऑर्डर बुक कर सकते हैं। साथ ही मेसी फर्गुसन और आयशर ट्रैक्टर मालिक भी इसी लिंक के माध्यम से अपने आप को जोड़कर ऑर्डर स्वीकार कर सकते हैं।

इसके अलावा टोल फ़्री नम्बर 18004200100 पर फ़ोन करके भी इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑर्डर केवल खेती के यंत्रों जैसे हल, रोटावेटर, प्लाउ, बिजाई मशीन इत्यादि के लिए ही मान्य होगा। एक किसान का केवल एक ही ऑर्डर मान्य होगा।

अधिकाधिक कृषकों को लाभान्वित कराने के निर्देश

कृषि मंत्री ने योजना की सीमित अवधि तथा खरीफ बुवाई के समय को देखते हुए सभी खंडीय संयुक्त निदेशक, उप निदेशक एवं सहायक निदेशक को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सहायक कृषि अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षकों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक कृषकों को कम्पनी के मोबाइल एप अथवा टोल फ्री नम्बर पर बुकिंग करा कर लाभान्वित कराने में सहयोग करें।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी कृषि विभाग के प्रयासों से कोविड की विकट परिस्थितियों में करीब 27 हजार किसानों को एक लाख घण्टे से ज्यादा की निःशुल्क सेवा दी गई थी।

Exit mobile version