उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर में कोरोना की दूसरी लहर के कमजोर पड़ने के साथ ही टीकाकरण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले में आज शुक्रवार को वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया गया, जिसमें रिकॉर्ड 64312 लोगों को टीका लगाया गया। टीकाकरण के इस महाअभियान में लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जिले में पहली बार हुए रिकॉर्ड तोड़ टीकाकरण पर खुशी जताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि टीकाकरण शुरू होने से अब तक का यह एक दिन में प्राप्त सर्वाधिक आंकड़ा है, जिले में वैक्सीन की उपलब्धता एवं युवाओं के वैक्सीनेशन के प्रति रुझान को देखते हुए जिला कलेक्टर के निर्देशन में इस महा अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई।
जिसमें शहर के 18 जगह मेगा कैंप सहित ब्लॉक के सभी सीएचसी पीएचसी पर ऑनलाइन/ऑफलाइन टीकाकरण की 242 सेशन साइट बनाई गई एवं सोशियल मीडिया व अन्य माध्यमो से इसका प्रचार प्रसार किया गया ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस टीकाकरण महाअभियान से जुड़ कर टीका लगवाये। जिलेभर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार आज 63227 लोगों को प्रथम डोज एवं 1085 लोगों को दूसरी डोज सहित कुल 64312 लोगो को टीका लगाया गया।
पिछले 3 दिनों में लग चुकी हैं 103175 डोज
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया की वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता एवं लोगों के बढ़ते रुझान से जिले में इन 3 दिनों में 103175 लोगो को टीका लगाया जा चुका है। जिले में 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान में अभी तक 18 से 45 आयु वर्ग के 192457 एवं 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के 417002 लोगों सहित कुल 675538 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

