मुंबई,(ARLive news)। मुंबई वासियों को जल्द ही गर्मी से निजात मिलने वाली है। यहां शाम को प्री-मानसून ( Pre-Monsoon Rain) बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि मुंबई में हो रही प्री-मानसून बारिश को देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि 8 जून तक मानसून आ जाएगा। वहीं केरल में मानसून 1 जून को पहुंचना था लेकिन अब 3 जून को पहुंचने की उम्मीद जतायी जा रही है।
मुंबई के उपनगरीय इलाकों में मंगलवार शाम 7 बजे से बारिश शुरू हुई। जबकि कुछ इलाकों में इससे पहले ही बारिश शुरू हो गई, हालांकि यह तेज बारिश नहीं थी। एक अधिकारी ने कहा, “अंधेरी, जोगेश्वरी, डिंडोशी, गोरेगांव, मलाड और बोरीवली (सभी उपनगरों) में मंगलवार शाम को बारिश शुरू हुई और यह देर रात तक जारी रही।” उन्होंने कहा कि कोलाबा और भायखला सहित दक्षिण मुंबई के इलाकों में तुलनात्मक रूप से कम बारिश हुई।

