मुंबई,(ARLive news)। चक्रवात तूफ़ान “तौकते” गुजरात तट के साथ ही महाराष्ट्र के भी तटीय क्षेत्रों और कुछ अंदरूनी हिस्सों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। जिस कारण ये इलाके भारी बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हो सकते हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी कि महाराष्ट्र में मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग सहित संपूर्ण तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट की स्थिति में है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी बचाव और राहत एजेंसियां पूरी तैयारी में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ ने चक्रवात तौकते से निपटने के लिए मुंबई में 3 टीमें, पुणे में 15 और गोवा में एक टीम को तैनात किया है। जो फिलहाल उत्तरी कर्नाटक-दक्षिण महाराष्ट्र तटों से दूर अरब सागर में है। जानकारी के अनुसार चक्रवात तूफ़ान तौकते के अरब सागर में लगभग 250 किलोमीटर से गुजरने की संभावना है, जो 7 किलोमीटर प्रति घंटा की औसत गति से आगे बढ़ रहा है।
सीएमओ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार रात को चक्रवात तौकते के संबंध में एक समीक्षा बैठक में लोगों और सरकारी मशीनरी को सतर्क रहने की अपील की। ठाकरे ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को तटीय क्षेत्रों, खासकर पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में सतर्क और सुसज्जित रहने का निर्देश दिया है।

