उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में आज 16384 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है, वहीं 164 संक्रमितों ने आज दम तोड़ दिया। राज्य में 12840 संक्रमित ठीक भी हुए हैं। इन सब के बीच उदयपुर जिले के लिए चिंता का विषय यह है कि यहां ठीक होने वाले संक्रमितों की संख्या में अचानक से गिरावट आयी है। उदयपुर में गत सप्ताह जहां हर दिन औसतन 1500 मरीज ठीक हो रहे थे, वहीं पिछले दो दिनों में यह संख्या दहाई के आंकड़े में सिमट गयी है।
राजस्थान में आए 16384 संक्रमितों में सर्वाधिक जयपुर में 3214, जोधपुर में 1260, अलवर में 1214 और उदयपुर में 907 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। राज्य में आज हुई 164 मौतों में सर्वाधिक जयपुर में 58, जोधपुर में 18 और उदयपुर में 16 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है।
उदयपुर जिले में आज सिर्फ 70 संक्रमित ठीक हुए
जिले में आज 3175 लोगों की कोरोना जांच हुई है, जिसमें 907 लोगो संक्रमित पाए गए हैं। उदयपुर में आज 70 संक्रमित ठीक हुए हैं। इससे एक्टिव केस की संख्या 10 हजार से पार जाकर 10116 हो गयी है। 907 संक्रमितों में 578 शहरी क्षेत्र और 329 ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं। हालां कि उदयपुर में आज कोरोना जांच भी मंगलवार की तुलना में कम हुई है, इसलिए केस भी कम आए हैं।
उदयपुर में ठीक होने वाले संक्रमितों की संख्या में कमी आना चिंताजनक है। बीते सप्ताह में 4 मई को 1389, 5 मई को 1387, 6 मई को 2012, 7 मई को 1815, 8 मई को 1523, 9 मई को 1421 और 10 मई को 977 संक्रमित कोरोना से ठीक हुए थे और डिस्चार्ज होकर अपने-अपने घर पहुंचे थे। लेकिन 11 मई को 80 संक्रमित और आज 12 मई को 70 संक्रमित ही ठीक हुए हैं। इस कारण से एक्टिव केस जो करीब 8000 तक पहुंच गए थे, दो दिन में एकदम से बढ़कर 10 हजार से अधिक हो गए हैं।
