जयपुर,(ARLive news)। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप में ऑक्सीजन बेड के नाम पर मरीज के परिजन से लाखों रूपए वसूलने वाले निजी अस्पतालों को अब हाॅस्पिटल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट भी लगाना होगा। इससे उनकी सरकार पर ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए निर्भरता कम होगी। राजस्थान सरकार के चिकित्सा एंव स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
इसमें शासन सचिव सिद्धार्थ महाजन ने स्पष्ट लिखा है कि कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ ही ऑक्सीजन की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में प्रदेश के ऐसे निजी हाॅस्पिटल जिनकी बेड क्षमता 60 या इससे अधिक है, उन्हें निर्देशित किया जाता है कि वे अपनी कुल बेड क्षमता की 50 प्रतिशत बेड्स पर सेंट्रलाईज्ड ऑक्सीजन पाइप लाइन की स्थापना करेंगे और उन सभी बेड्स पर ऑक्सीजन की 24 घंटे सप्लाई के लिए ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट को दो महीने में स्थापित करेंगे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उद्योग विभाग द्वारा मेडिकल ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट की स्थापना के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की गयी है।

