उदयपुर,(ARLive news)। सूरजपोल थाना क्षेत्र के माछला मगरा गली नम्बर 10 में बीती रात युवक विजय कीर की हुई गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 12 घंटे में मामले का खुलासा कर पुलिस ने बताया कि गत वर्ष मृतक के भाई का आरोपियों से झगड़ा हुआ था, इसको लेकर आरोपी मृतक और उसके भाई से रंजिश रखता था।
एसपी राजीव पचार ने बताया कि दिवानशाह काॅलोनी निवासी मोहम्मद ताहिर पुत्र मुश्ताक अहमद और हसन खान उर्फ हसु पुत्र गुड्डू खान को गिरफ्तार किया है। ये दोनों विजय कीर की हत्या कर मौके से फरार हो गए थे और सज्जनगढ़ क्षेत्र के जंगलों में छुपे हुए थे। मुख्य आरोपी ताहिर के खिलाफ घंटाघर और सूरजपोल थाने में पूर्व में हत्या का प्रयास, चोरी, अवैध हथियार रखने के आरोप में मामले दर्ज हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
युवक की हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी संसाधनों से पड़ताल की तो आरोपियों के खिलाफ अहम सुराग हाथ लगे। पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू की और सज्जनगढ़ के जंगलों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में विजय कीर की हत्या करना कबूल किया है। आरोपियों ने बताया कि पिछले साल आरोपी ताहिर की विजय के भाई राहुल से झगड़ा हो गया था। तब से वह विजय से रंजिश रखता था और बदला लेने का मौका तलाश रहा था।
वारदात के खुलासे में थानाधिकारी पुनाराम, एसटीएफ इंचार्ज हनुवंत सिंह के नेतृत्व में हेडकांस्टेबल ओमवीर सिंह, अर्जुन सिंह, सुखदेव सिंह, कांस्टेबल तपेन्द्र भादु, प्रहलात पाटीदार, शक्तिसिंह और साइबर सेल के हेडकांस्टेबल गजराज सिंह, कांस्टेबल लोकेश रायकवाल की मुख्य भूमिका रही है।

