Site iconSite icon AR Live News

पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात तस्कर कमलेश प्रजापति मारा गया

wanted smuggler kamlesh prajapati encounter in barmerwanted smuggler kamlesh prajapati encounter in barmer
घर की तलाशी में 59 लाख रूपए, हथियारों का जखीरा, भारी मात्रा में ड्रग्स और 11 लग्जरी गाड़ियां बरामद

बाड़मेर,(ARLive news)। शहर में शिवकर रोड सेंट पॉल स्कूल के पास खुद के मकान के अंदर छुपा बैठा कुख्यात तस्कर कमलेश प्रजापति गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। रातभर चली कार्रवाई में पुलिस ने उसके मकान से 59 लाख रूपए से अधिक रूपए नगद, 11 लग्जरी वाहन, हथियारों का जखीरा और भारी मात्रा में अफीम और डोडा पोस्त बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

एनकांउटर की सूचना मिलने पर पुलिस जोधपुर रेंज नवज्योति गोगाई ने बाड़मेर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले को लेकर जिला मुख्यालय से मॉनिटरिंग हो रही है।

तस्कर ने भागने के लिए पुलिस पर गाड़ी चढ़ाई तो पुलिस ने किए फायर

पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली, सदर, ग्रामीण थानों की पुलिस, कमांडो और स्पेशल टीम ने शिवकर रोड सेंट पॉल स्कूल के पास तस्कर कमलेश प्रजापत के मकान को चारों तरफ घेर लिया। पुलिस ने मकान के मुख्य द्वार से गेट खुलवाने की कोशिश की। इस बीच तस्कर कमलेश ने खिड़की से कूदकर पीछे गैराज में खड़ी एसयूवी से 400 किलो के भारी भरकम गेट को तोड़ा तथा गैराज के बाहर खड़े पुलिस हेड कांस्टेबल मेहाराम और अन्य कांस्टेबल को गाङी से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस के कमांडो दिनेश ने आत्मरक्षा में तीन फायर किए। गोली उसके हाथ से लगती हुई दायीं तरफ कंधे के नीचे लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमलेश के मकान में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्च ऑपरेशन में 59 लाख 69 हजार 50 रुपए, लग्जरी वाहनों सहित 11 वाहन (अलग-अलग कम्पनी के), 5 अवैध पिस्टल, 9 मैगजीन, 121 कारतूस, 2 किलो 360 ग्राम अफीम का दूध, 1 किलो 715 ग्राम डोडा-पोस्ट, 13 मोबाइल फोन व 4 डोगल, एक एटीएम पुलिस ने जब्त किए हैं।

एनकाउंटर के वक्त घर के अंदर तस्कर के पत्नी-बच्चे भी थे

पुलिस ने बताया कि 2 माह पूर्व कमलेश ने पाली जिले के सांडेराव थाना अधिकारी पर नाकाबंदी के दौरान हमला किया था। हमले में थानाधिकारी को चोटें आई थीं। उसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। तस्कर कमलेश पुलिस पर कई बार फायरिंग कर चुका था। पुलिस को अंदेशा था कि तस्कर पुलिस पर फायरिंग कर सकता है। इसके लिए सावधानी बरतते हुए कमांडो और पुलिस ने हथियारों के साथ घेराबंदी की थी। जिस वक्त एनकाउंटर हुआ उस घर में तस्कर की पत्नी, बच्चे और 3 अन्य लोग भी मौजूद थे।

Exit mobile version