Site icon AR Live News

नवरात्रि और रमजान में घर पर ही करें पूजा-इबादत : शहर के सभी धार्मिक स्थल अगले 10 दिन तक बंद रहेंगे

temples and mosque will not open for public next 10 days in udaipur collector release order before ramzan or navratri 2021

उदयपुर,(ARLive news)। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण और आगामी दिनों में आने वाले त्योहारों-पर्वों को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा ने सोमवार से अगले 10 दिनों ने शहरी क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थल बंद रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उन्होंने जिला परिषद सभागार में शहर के सभी धार्मिक नेताओं के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान शहर में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान धार्मिक नेताओं ने सोमवार से आगामी दस दिनों के लिए सभी धर्मों के धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने पर सहमति जताई। कलक्टर देवड़ा ने कहा कि हम नहीं चाहते कि शहर में दोबारा लाॅकडाउन लगे, इसलिए हमें स्वप्रेरणा और स्वअनुशासन से ही लाॅकडाउन का पालन करना होगा। इसी में सबका हित है।

धार्मिक नेताओं की बात ज्यादा मानते हैं लोग : एसपी डाॅ. पचार

बैठक के दौरान एसपी डाॅ. राजीव पचार ने कहा कि धार्मिक नेताओं का समाज में अहम स्थान होता है। एसपी से ज्यादा लोग धार्मिक नेताओं की कही बात मानते हैं। पिछली बार जब लाॅकडाउन लगा था, तब भी सभी धर्मोंे के धार्मिक नेताओं ने पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग किया था। आज हम दुबारा उसी मोड़ पर आ गए हैं। आम आदमी की जिंदगी सुरक्षित रहे, इसके लिए धार्मिक नेताओं से अपील है कि वे एक बार फिर हमारा साथ दें।

सेवा-पूजा के लिए प्रशासन जारी करेगा पास

जिला कलक्टर चेतन देवड़ा ने बताया कि विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पुजारियों, मौलवियों, पादरी, गुरूद्वारा आदि की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार संबंधित व्यक्ति को प्रशासन द्वारा पास जारी किया जाएगा। आम जन के लिए धार्मिक स्थानों पर प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

धार्मिक नेता निकालेंगे मास्क यात्रा

एसपी डाॅ. राजीव पचार के सुझाव पर सभी धार्मिक नेता जनता को कोविड गाइडलाइन और प्रोटोकाॅल की पालना के लिए जागरूक करने के मकसद से आज शहर में मास्क यात्रा निकालेंगे। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में सभी धर्मों के प्रतिनिधि के रूप में आध्यात्मिक लोग मास्क का वितरण करेंगे और लोगों को कोरोना प्रोटोकाॅल की पालना करने के लिए जागरूक करेंगे।

त्योहार सबके आएंगे

अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ओ.पी. बुनकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण की गति तेजी से बढ़ रही है। आने वाले त्योहारी सीजन में संक्रमण और ज्यादा फैलने की आशंका है, इसलिए हमें सबसे पहले आम आदमी की जान बचाने के बारे में सोचना है। त्योहार सभी धर्मों के आएंगे। यह ऐसा मौका है जब हम सभी एक होकर कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लडें। हम सब को मिलकर कोरोना को हराना है।

बैठक में एडीएम सिटी अशोक कुमार, जिला परिषद सीईओ डाॅ. मंजू, एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, सीएमएचओ डाॅ. दिनेश खराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और धार्मिक नेता उपस्थित थे।

Exit mobile version