Site iconSite icon AR Live News

बिजली विभाग का एईएन 10 हजार रूपए रिश्वत लेते पकड़ा गया, सोलर प्लांट पास करने की एवज में ले रहा था घूस

acb arrests avvnl aen taking 10000 rs bribe money in udaipuracb arrests avvnl aen taking 10000 rs bribe money in udaipur

उदयपुर,(ARLive news)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रतापगढ़ की टीम ने आज सोमवार दोपहर उदयपुर के मादड़ी स्थित विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एईएन) मुकेश गुप्ता को 10 हजार रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एईएन मुकेश गुप्ता यह रिश्वत परिवादी विष्णु सुथार की सोलर प्लांट पास करने व सोलर पावर बढ़ाने एवज में ले रहा था। एईएन मुकेश गुप्ता ने रिश्वत लेने परिवादी को कार्यालय के बाहर ही बुला लिया था।

एडि.एसपी गोवर्धन लाल खटीक ने बताया कि बामणिया खैरोदा निवासी विष्णु सुथार ने एसीबी कार्यालय आकर उदयपुर के मादड़ी स्थित अजमेर विद्युत वितरण निगम (AVVNL) के सहायक अभियंता मुकेश गुप्ता द्वारा 15000 रूपए रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज करवायी थी। शिकायत पत्र में बताया था कि उसने एवीवीएनएल कार्यालय में सोलर प्लांट पास करवाने और सोलर पावर 20 केवी बढ़ाने के लिए फाइल लगायी हुई है। यह फाइल को पास करने की एवज में सहायक अभियंता मुकेश गुप्ता 15000 रूपए की रिश्वत मांग रहे हैं।

परिवादी की शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। परिवादी के काफी विनती करने पर एईएन मुकेश गुप्ता ने फाइल पास करने की एवज में कम से कम 10 हजार रूपए रिश्वत की मांग रखी।

एईएन मुकेश गुप्ता ने रिश्वत राशि लेकर परिवादी को उसके कार्यालय के बाहर ही बुला लिया था। आज दोपहर लंच के लिए मुकेश गुप्ता ऑफिस के बाहर आया, तभी उसने परिवादी विष्णु सुथार से रिश्वत राशि के 10 हजार रूपए लिए और कार में बैठकर डैशबोर्ड में रख दिए। इसी दौरान एसीबी की टीम ने वहां दबिश देकर उसे रिश्वत राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्यवाही में एसीबी प्रतापगढ़ हेडकांस्टेबल रंगलाल, एलडीसी सूरजप्रताप, दिनेश कुमार, मान सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।

Exit mobile version