उदयपुर,(ARLive news)। गोगुंदा थाना क्षेत्र के उदयपुर से इसवाल हाईवे पर मदारड़ा के पास शुक्रवार शाम अनियंत्रित कार के नीचे दबने से स्कूटी सवार पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गयी। कार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। कार इतनी तेज स्पीड में थी कि उसने अनियंत्रित होने के बाद पलटी खाकर डिवाइडर क्राॅस कर सड़क के दूसरी ओर उदयपुर आ रही स्कूटी को चपेट में ले लिया।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि हादसे में सज्जन नगर मल्लातलाई निवासी राजेश (45) इनकी पत्नी आशा देवी (45) और बेटी नीलम (20) की मौत हुई है। आज राजेश पत्नी और बेटी के साथ गोगुंदा में पीर बाउ जी के यहां दर्शन करने गए थे।। वहां से वे तीनों स्कूटी से लौट रहे थे। इधर गुजरात नंबर की कार उदयपुर से गोगुंदा की तरफ जा रही थी।
कार बहुत तेज स्पीड में थी। मदारड़ा के पास तेज स्पीड होने के कारण चालक का कार से नियंत्रण खो गया। अनियंत्रित हुई कार ने पलटी खाते हुए डिवाइडर क्राॅस कर सड़क के दूसरी ओर उदयपुर शहर की ओर आ रहे स्कूटी सवार राजेश, पत्नी आशा देवी और बेटी नीलम को चपेट में ले लिया। ये तीनों स्कूटी सहित कार के नीचे बुरी तरह दब गए। इससे राजेश और आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं नीलम ने हाॅस्पिटल पहुंचने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार को जेसीबी से हटाकर शवों को हाॅस्पिटल पहुंचाया। कार चालक हाॅस्पिटल में भर्ती है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

