उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में 4 विधानसभा क्षेत्रों राजसमंद, सहाड़ा, सुजानगढ़ और वल्लभनगर के विधायकों की मृत्यु के उपरांत यहां उपचुनाव होने हैं। भारतीय चुनाव आयोग ने देश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव की मंगलवार को तारीख घोषित कर दी। इसके तहत राजस्थान के तीन विधानसभा सीट राजसमंद, सहाड़ा और सुजानगढ़ में 17 अप्रेल को मतदान होगा। इसमें वल्लभनगर सीट को शामिल नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में विधायक की मृत्यु के 6 महीने में उपचुनाव करवाने होते हैं। वल्लभनगर विधायक गजेन्द्र सिंह की मृत्यु 21 जनवरी को हुई थी, ऐसे में अभी 4 महीने का समय है, तो यहां चुनाव आयोग ने अभी उप चुनाव के तारीखों की घोषणा नहीं की है।
राजस्थान के राजसमंद, सहाड़ा और सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 23 मार्च को अधिसूचना जारी हो जाएगी और इसी दिन से प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 मार्च है। प्रत्याशी 3 अप्रेल तक अपना नाम चुनाव से वापस ले सकेंगे। 17 अप्रेल को मतदान होगा। 2 मई को मतगणना होगी।

