जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान विधानसभा के बाहर आज मीडिया कर्मियों से बात करते हुए चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने केन्द्र सरकार पर कोरोना की वैक्सीन समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राजस्थान को समय पर आवश्यकता के अनुसार डोज उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं। इस कारण हमने राज्य में फ्रेश वैक्सीनेशन पहली डोज लगाने का काम बंद कर दिया है।
रघु शर्मा बोले हमारे पास सिर्फ दूसरी डोज लगाने जितना स्टाॅक
डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि राजस्थान में केन्द्र सरकार ने ही लगभग 67 लाख लाभार्थी दूसरे चरण के लिए चिह्नित किए हैं। इसके लिए कुल डेढ़ करोड़ डोज की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अभी तक हमे 29.90 लाख डोज ही उपलब्ध कराई है। इसमें से 2.15 लाख हमने सेना को उपलब्ध करवा दी। जबकि 21.33 लाख वैक्सीन अब तक लगाई जा चुकी है। अलग-अलग कारणों से एक लाख डोज अब तक बर्बाद हुई हैं। आज राजस्थान में इतना ही स्टॉक बचा है कि दूसरी डोज लगवाने वालों की ही हम डोज लगवा सके।
उन्होंने कहा कि हमने पिछले सप्ताह नीति आयोग, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री और कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर जल्द से जल्द वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवाने के लिए कहा था। तब वहां से कहा गया कि आप वैक्सीनेशन की गति को थोड़ा धीमा करें। डॉ. शर्मा ने कहा कि हमने राज्य सरकार से मांग की है कि हमे मई तक 60 लाख डोज उपलब्ध कराई जा सके, ताकि हमारा अभियान धीमा न पड़े और सभी लाभार्थियों को समय पर वैक्सीन लगाई जा सके।

