नई दिल्ली,(ARLive news)। दिल्ली सरकार ने मंगलवार को अपना ई-बजट पेश किया। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए दिल्ली का बजट पेश करते हुए कहा कि राजधानी में 75 दिन देशभक्ति की झलक दिखाई देगी।
सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल मॉडल का मैं सातवां बजट पेश कर रहा हूं। सियोदिया ने कहा कि दिल्ली के बजट में अगले 25 साल का विजन है। दिल्ली में इस साल के लिए 69 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया। मनीष सिसोदिया ने बताया कि इस बार लोगों के लिए स्कीम का खर्च 55 फीसदी जबकि सरकारी खर्च 45 फीसदी रहेगा। दिल्ली में पहला सैनिक स्कूल खुलेगा। इस बार दिल्ली विधानसभा में बजट पेश करते हुए सिसोदिया के हाथ में प्रतियों की जगह टैब था जिससे उन्होंने बजट पढ़ा। इसके अलावा सदन में बैठे सभी मंत्रियों और विधायकों को भी बजट पढ़ने के लिए टैब दिए गए।
दिल्ली बजट की खास बातें
- दिल्ली में जल्द ही हर रोज 60 हजार लोगों को मिलेगी कोरोना वैक्सीन।
- फ्री कोरोना वैक्सीन के लिए 50 करोड़ रुपए जारी। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में फ्री में कोरोना वैक्सीन मिलती रहेगी।
- महिलाओं के लिए विशेष मोहल्ला क्लीनिक। दिल्ली के हर नागरिक को मिलेगा हेल्थ कार्ड।
- दिल्ली में यूथ फॉर एजुकेशन के नाम से प्रोग्राम शुरू किया जाएगा, इसके जरिए पढ़े-लिखे नागरिक कम सुविधा वाले बच्चों को तैयार कर पाएंगे।
- दिल्ली में नया सैनिक स्कूल बनाया जाएगा और एक आर्म्ड फोर्स प्री-पेयरिंग अकादमी बनाई जाएगी।
- शहीदों के परिवारजनों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद की स्कीम जारी रहेगी।
- दिल्ली की अलग-अलग कॉलोनियों में अब सरकार की ओर से योग, ध्यान गुरु मुहैया कराए जाएंगे, इसके लिए 25 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया।
- दिल्ली में इस साल 75 साल से अधिक उम्र वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा, इसके लिए अलग-अलग जगह सम्मान समारोह किया जाएगा।
सरकार का बजट ‘देशभक्ति बजट’ है
सिसोदिया ने कहा कि इस साल दिल्ली सरकार का बजट ‘देशभक्ति बजट’ है। दिल्ली में 12 मार्च से देशभक्ति के कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसमें आगे के विजन को दर्शाया जाएगा। शहीद भगत सिंह के जीवन से जुड़े कार्यक्रमों को दर्शाने के लिए 10 करोड़ रुपए जारी किए गए। इसके अलावा बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर जो कार्यक्रम होंगे, उसके लिए भी दस करोड़ रुपए का आवंटन किया गया। 15 अगस्त 2022 को आज़ादी के 75 साल पूरे होने तक पूरी दिल्ली में देश भक्ति का उत्सव मनाया जाएगा।
सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली में 500 जगहों पर तिरंगा लहराएगा। बता दें कि दिल्ली सरकार स्कूलों में पढ़ रहे हर बच्चे को देशभक्ति के रंग में रंगने के लिए देशभक्ति पाठ्यक्रम की शुरुआत करने जा रही है। दिल्ली में रोज एक पीरियड देशभक्ति का होगा।

