Site iconSite icon AR Live News

पिता के पास घर के आंगन में सो रही बच्ची को पैंथर उठाकर ले गया : पहाड़ी पर मिली लाश

panther kills 5 year old girl in udaipurpanther kills 5 year old girl in udaipur

उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर जिले में केवड़े की नाल के केवड़ा खुर्द गांव के उपला फलां में रविवार देर रात पिता के साथ घर के आंगन में सो रही 5 साल की मासूम ललिता पुत्री किशन मीणा को पैंथर उठा कर ले गया। जाग होने पर ग्रामीण बच्ची को बचाने जंगल की ओर भागे तो करीब 1 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर बच्ची की लाश मिली। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और रोष व्याप्त है।

सूचना पर उदयपुर वन मंडल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए पैंथर को पकड़ने की मांग की। कहा कि कुछ दिन पहले भी क्षेत्र में एक पैंथर ने महिला पर हमला किया था। हालां कि तब महिला बाल-बाल बच गयी थी। अब पैंथर घर के आंगन में सो रही बच्ची को उठा ले गया है। पुलिस ने परिजनों की समझाइश की और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

बच्ची को बचाने पैंथर के पीछे भागा, पर वो चंद सैकंड में ओझल हो गया : पिता

किशन मीणा ने बताया वह घर के आंगन में रात को सो रहा था। उसकी पुत्री ललिता भी उसके पास ही सो रही थी। रात करीब दो से ढाई बजे पैंथर आया और बच्ची को दबोच कर ले गया। बच्ची की आवाज सुनकर मैं उसे बचाने पैंथर के पीछे भागा भी, लेकिन पैंथर अंधेरे में चंद सैंकंड्स में पहाड़ी पर चला गया। जाग होने पर ग्रामीण इकट्ठे हो गए, हम सभी ने मिलकर बच्ची की तलाश की तो उसकी लाश पहाड़ी पर बनी चट्टान पर मिली।

डीएफओ मुकेश सैनी ने बताया कि मौके पर 3 पिंजरे लगा दिए गए हैं। ट्रेंकुलाइज टीम मौके पर ही है। वन विभाग की टीमें लगातार पैंथर की तलाश कर रही हैं। जैसे ही पैंथर के दिखते ही, टीम उसे ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लेगी। मृतक बच्ची का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। क्षेत्रीय अधिकारी और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर परिजनों को प्रावधान के अनुसार 4 लाख रूपए तक का मुआवजा दिया जाएगा।

सीएफ आरके जैन ने बताया कि क्षेत्र में पैंथर को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवा दिया गया है। ग्रामीणों की समझाइश की जा रही है कि वे भी सतर्क रहें। मृतक बच्ची के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया की जा रही है।

Exit mobile version