Site iconSite icon AR Live News

महाराष्ट्र, गुजरात, एमपी, हरियाणा, पंजाब, केरल से आने वालों को कोरोना रिपोर्ट लाना हुआ अनिवार्य, हाईवे पर चेकिंग के लिए लगाए नाके

corona rtpcr test negative report mandatory to come rajasthan from these 6 statescorona rtpcr test negative report mandatory to come rajasthan from these 6 states
जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में कलक्टर ने दिए निर्देश

उदयपुर,(ARLive news)। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा ने शनिवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स और उदयपुर चैंबर ऑफ काॅमर्स के व्यापारियों, टूर एंड ट्रेवल्स संचालकों, होटल व्यवसायियों और एयरलाइंस कंपनी प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। कलेक्टर ने कोरोना गाइडलाइन की सख्ती से पालना के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि महाराष्ट्र, केरल सहित गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा और पंजाब से आने वाले लोगों को उनकी कोरोना जांच की आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट साथ लानी होगी। इसकी पालना के लिए जिला पुलिस ने टास्क फोर्स के साथ जिले के दूसरे राज्यों से लगते बाॅर्डर्स पर नाके लगा दिए हैं। जो लोग सड़क मार्ग से आएंगे, उनकी नाकों पर आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट देखी जाएगी। वहीं एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग होगी।

सभी प्राइवेट टूर एंड ट्रेवल्स संचालकों को कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि उनकी बसों से जितनी भी सवारियां इन राज्यों से आ रही हैं, उनके साथ आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट होनी चाहिए। अन्यथा 2 दिन बाद प्रशासन आकस्मिक चैकिंग कर कार्यवाही शुरू कर देगी।

होटल में कमरे के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट जरूरी

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो भी व्यक्ति इन राज्यों से आ रहा है और वह होटल में ठहरने के लिए कमरा लेता है तो वहां उसे पहले कोरोना जांच की आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। बिना आरटीपीसीआर रिपोर्ट के किसी भी मेहमान को होटल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की एक टीम बनाई गई हैए जो नियमित रूप से होटल में ठहरने वाले मेहमानों की सूचना की ऑडिट करेगी।

कंटेनमेंट जोन में किसी को न हो परेशानी

कलक्टर देवड़ा ने जिला रसद अधिकारी को शहर में कंटेनमेंट जोन घोषित क्षेत्र में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने और आवश्यक वस्तुओं की सुचारू रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।

स्कूलों में वार्षिकोत्सव रद्द

कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका को देखेते हुए जिला कलक्टर के निर्देश पर राजकीय विद्यालयों में वार्षिकोत्सव पर आगामी आदेश तक रोक के आदेश जारी किए गए हैं। स्कूलों में कोई भी भीड़भाड़ वाला कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने का पूरा ध्यान रखा जाएगा। जिला प्रशासन की अनुमति के बिना जिले के समस्त स्कूलों में कोई भी ऐसा कार्यक्रम आयोजित नहीं होगाए जिससे कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका हो।

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर कटेगा चालान

बैठक के दौरान सीएमएचओ डॉ दिनेश खराड़ी ने सड़क किनारे चाट-पकौड़ी और चाय की दुकानों पर सुबह.शाम उमड़ने वाली भीड़ की वजह से कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका जताई। इस पर एसपी डॉ राजीव पचार ने मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर चालान काटने का अभियान तेज करने और लोगों को जागरूक करने की बात कही। जिले के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने और बिना मास्क घूमने पर चालान काटने के निर्देश दिए।

18 विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ लाखन पोसवाल, एसपी डॉ राजीव पचार, यूआईटी सचिव अरूण हसीजा, नगर निगम कमिश्नर हिम्मत सिंह बारहठ, जिला परिषद सीईओ डॉ मंजू, एडीएम सिटी अशोक कुमार, एडीएम प्रशासन ओपी बुनकर सहित कुल 18 विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version