कोटा,(ARLive news)। कोटा में कोरोना वैक्सीन लेने के अगले दिन एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। 60 वर्षीय बुजुर्ग बहादुर सिंह ने बुधवार दोपहर 1 बजे पीएचसी बालूहेड़ा पर जाकर कोरोना वैक्सीन लगवायी थी। इसके 20 घंटे बाद आ सुबह बुजुर्ग की अचानक तबियत खराब हुई, परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हेल्थ विभाग ने गंभीरता से लेते हुए 15 डॉक्टरों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। वहीं, 3 डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। सीएमएचओ डॉ. बीएस तंवर ने कहा कि प्रथम दृष्टयता स्ट्रोक या हार्टअटैक ही मौत का कारण हो सकता है। फिर भी सभी प्रकार की जांच की जा रही है। हालांकि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
भाईसाहब को कोई बीमारी नहीं थी : मृतक का भाई
मृतक के भाई गोविंद सिंह ने बताया कि बालूखेड़ा ग्राम पंचायत के गरमोडी गांव निवासी 60 वर्षीय बहादुर सिंह किसान थे। बहादुर सिंह ने बुधवार दोपहर करीब 1 बजे पीएचसी बालूहेड़ा पर कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी, डेढ़ बजे तक निगरानी में रहने के बाद वह घर वापस आ गए थे। बुधवार शाम को उन्हें चक्कर आने पर वह सो गए।
आज सुबह 6 बजे उठे तो फिर चक्कर आने लगे। इसके बाद पेशाब करने गए और वापस आकर चाय पी। फिर से चक्कर आने पर वह गश खाकर गिर गए। इसके बाद परिजन उन्हें कैथून सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई गोविंद का कहना है कि बहादुर सिंह किसी तरह की कोई बीमारी नहीं थी। वह पूरी तरह ठीक थे। कोरोना वैक्सीन लगने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।

