उदयपुर,(ARLive news)। जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के रोबिया गांव में गुरूवार को एक घर के कमरे में बने गड्ढे में उसी घर के वृद्ध आदमी की लाश दबी मिली है। वहीं मृतक की पत्नी और बच्चे लापता है। थानाधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि भगु (60) पुत्र रूपसी की हत्या कर लाश को घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया था।
मृतक के भाई रमेश ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका भाई भगु सहित पूरा परिवार भाभी, भतीजे सभी लापता हैं। घर के कमरे में एक किनारे गड्ढा सा खुदा हुआ है, जिस पर ताजी मिट्टी पड़ी है और वहां काफी बदबू भी आ रही है।
रमेश की रिपोर्ट पर पुलिस मय जाब्ता उस घर में पहुंची। गड्ढे को खोदकर देखा तो उसमें भगु की लाश निकली। भगु की पत्नी और बच्चे सभी लापता हैं, ऐसे में उनकी तलाश की जा रही है। पत्नी और बच्चों के मिलने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

