जैसलमेर,(ARLive news)। पोकरण फायरिंग रेंज से सटे लाठी गांव का एक व्यक्ति हनी ट्रैप का शिकार होकर सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने बुधवार देर रात उसे पकड़ लिया। जिससे पूछताछ चल रही है, लेकिन अभी तक उसने कुछ नहीं बताया।
जानकारी के अनुसार लाठी गांव निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति करीब 10 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए एक युवती के संपर्क में आया। युवती ने खुद को भारतीय मूल बताया और वह उत्सुकता के नाम पर व्यक्ति से सेना से जुड़ी जानकारियां और फोटो मांगा करती थी। व्यक्ति युवती के मोहजाल में फंसकर सैन्य हलचल सहित कई अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं युवती को भेजने लगा। कुछ दिन पूर्व एक खुफिया एजेंसी ने इस तरह के संदेश पकड़े। इसके बाद खुफिया एजेंसियां व्यक्ति पर लगातार नजर रखे हुए थीं।
3 खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुद्धवार देर रात उस व्यक्ति को पकङ कर पूछताछ शुरू की। लेकिन वह लगातार हनी ट्रैप के बारे में इंकार करता रहा। संभवतया व्यक्ति को आज पूछताछ के लिए जयपुर ले जाया जाएगा।

