जयपुर,(ARLive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर ली कोविड-19 की समीक्षा बैठक में स्कूल, काॅलेज और कोचिंग सेंटर खोलने के निर्देश दे दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कोरोना की स्थिति काफी नियंत्रण में है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्कूलाें में 9 से 12वीं तक की कक्षाएं, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय की अन्तिम वर्ष की कक्षाओं, कोचिंग सेन्टर तथा सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को 18 जनवरी से खोले जाने के निर्देश दिए। साथ ही वैक्सीनेशन की प्रक्रिया के कारण मेडिकल कॉलेज, डेन्टल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं पैरामेडिकल कॉलेज 11 जनवरी से खोलने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश में कोविड-19 के नये स्ट्रेन के मामले सामने आने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इसके प्रति किसी भी तरह की लापरवाही बड़ा संकट खड़ा कर सकती है। ऐसे में इंग्लैण्ड सहित अन्य देशों से प्रदेश में आए यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाए।
कुल क्षमता की 50% एक दिन – 50% दूसरे दिन, ऐसे लगेंगी क्लासेज
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन सभी शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक कक्षा में कुल क्षमता का 50 प्रतिशत उपस्थिति प्रथम दिन तथा शेष 50 प्रतिशत उपस्थिति दूसरे दिन रहेगी। शिक्षकों को संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी संस्थानों में सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क सहित अन्य हैल्थ प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाए तथा इनका संचालन केन्द्र के दिशा.निर्देशों एवं एसओपी के तहत किया जाना सुनिश्चित करें।

