हनुमानगढ़,(ARLive news)। जिले में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह 9 किलो अफीम जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। साथ ही एक वैगन-आर कार जब्त की गई है। जिस पर कोविड-19 ऑन ड्यूटी का पोस्टर लगा हुआ था।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात को संगरिया इलाके में नाकेबंदी के दौरान संगरिया से हनुमानगढ़ रोड पर एक वैगन-आर गाड़ी को रोका गया। कार में सवार काली जैकेट पहने 45 वर्षीय ओमप्रकाश निवासी गंगाशहर, नोखा रोड की जांच की गई, तो उसके पास से करीब 15 लाख रुपए की 9 किलो अफीम बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जब्त कार पर आरोपी ने कोविड-19 ऑन ड्यूटी का पोस्टर और मेडिकल का निशान लगा रखा था। पोस्टर पर खुद को WHO का मेडिकल अफसर बताया गया था। पुलिस ने आरोपी को हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।

