नई दिल्ली,(ARLive news)। भारत ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन (बदला रूप) के सामने आने के बाद 31 दिसंबर तक वहां से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध बुधवार से लागू हो जाएगा। इसी बीच बीती रात ब्रिटेन से दिल्ली लौटी एक फ्लाइट में सवार 266 लोगों में से 6 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके सैम्पल रिसर्च के लिए नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (एनसीडीसी) भेजे गए हैं। सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स को आइसोलेशन में रखा गया है।
नोडल अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, लंदन से कल रात को एयर इंडिया से आई फ्लाइट में केबिन क्रू समेत कुल 266 यात्री आये थे। सभी का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया था। जिसमें 6 यात्री कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव यात्रियों को कोविड केयर सेंटर में भेज दिया गया है, वहीं नेगेटिव आए सभी यात्रियों को 7 दिन जरूरी होम क्वारन्टीन में रहना होगा। डिस्ट्रिक्ट ऑफिस में इनकी सारी जानकारी साझा की जाएंगी। उन्होंने कहा, रोजाना मॉनिटरिंग होगी और क्वारंटाइन के छठें दिन इन सभी का टेस्ट दोबारा किया जाएगा।

