सोनीपत,(ARLive news)। हरियाणा के सोनीपत जिले में सिंघु बॉर्डर पर एक किसान मंगलवार को मौत हो गई। किसान का नाम अजय मोर था, सोनीपत के बरोदा गांव का रहने वाला था। मेडिकल ऑफिसर के अनुसार प्रथमदृष्ट्या किसान की मृत्यु का कारण हाईपोथर्मिया बताया जा रहा है।
बुधवार को मृतक के परिजनों की मदद के लिए समाज सेवी हर्ष छिकारा आगे आए। हर्ष छिकारा ने मृतक किसान के परिजनों को 51 हजार रुपए की आर्थिक मदद की। हर्ष छिकारा ने कहा, इस दुख की घड़ी में सभी पीड़ित परिवार के साथ हैं।
बता दें, तीन कृषि कानूनों समेत कई मांगों को लेकर दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर किसान पिछले 12 दिन से डटे हुए हैं। हजारों की संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर में ही रात काट रहे हैं। सर्द मौसम में किसानों का हौसला बुलंद है। सिंघु, टिकरी, गाजीपुर और चिल्ला बॉर्डर पर किसानों का हुजूम इकट्ठा है, जिन्हें विपक्ष का भी समर्थन मिल रहा है।

