अहमदाबाद,(ARLive news)। गुजरात में कोरोना के मामलों में दिन प्रतिदिन वृद्धि दर्ज की जा रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए अभी एकमात्र रास्ता मास्क है। अहमदाबाद के लोग मास्क को लेकर गंभीर नहीं है, पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। अहमदाबाद पुलिस ने पिछले 5 दिनों में बिना मास्क के घूमने वाले 9773 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनके पास से 97.73 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
अहमदाबाद के पूर्वी हिस्से में लोग मास्क को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे। उच्च पुलिस अधिकारियों ने बिना मास्क घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। दिवाली के त्योहार के बाद, कोरोना गुजरात में बेकाबू हो गया है।
सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है कि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। जिसमें सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से मास्क, स्वच्छता और सामाजिक दूरी सहित कोविड के दिशानिर्देश का पालन कराने के निर्देश दिए गए है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हवाई अड्डों और सब्जी मंडियों में विशेष रूप से पुलिस के प्वाइंट स्थापित किए गए हैं।

