हरियाणा गृहमंत्री ने ट्विट कर दी खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी
चंडीगढ़,(ARLive news)। देश में कोरोना वैक्सीन भले ही चुनावी घोषणाओं में शामिल हो गयी हो, लेकिन भारत में बन रही कोरोना वैक्सीन सवालों के घेरे में आ गयी है। क्यों कि हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज कोरोना संक्रमित हो गए हैं, अनिल विज ने 14 दिन पहले ही कोरोना के तीसरे (फाइनल) ट्रायल की वैक्सीन ली थी। अनिल विज नवंबर में शुरू हुए कोरोना वैक्सीन के तीसरे ट्रायल में शामिल होने वाले पहले वाॅलंटियर हैं।
विज ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा है कि वे कोरोना संक्रमित हो गए हैं और जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं अपना टेस्ट करवा लें।
वैक्सीन बना रही कंपनी भारत बायोटेक बयान जारी किया कि कोवैक्सिन का 2 ट्रायल का शेड्यूल है। दो डोज 28 दिन में दिए जाने हैं। दूसरी डोज 14 दिन बाद दी जानी है, जिसके बाद ही इसकी एफिकेसी पता चलेगी। कोवैक्सिन को इस तरह ही बनाया गया है कि दो डोज लेने के बाद ही यह असर दिखाएगी।
तीसरा ट्रायल 20 नवंबर को शुरू हुआ था
कोरोना से लड़ने के लिए भारत बायोटेक ने कोवैक्सिन बनाई है, जिसका इस समय देश में ट्रायल चल रहा है। तीसरा ट्रायल 20 नवंबर को शुरू हुआ था। इस फाइनल फेज में विज को पहली डोज दी गई थी। मंत्री विज ने इस ट्रायल के लिए खुद वॉलंटियर बनने की पहल की थी। उन्हें को-वैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन बाद दी जानी थी, लेकिन इससे पहले ही वे कोरोना संक्रमित हो गए।

