Site iconSite icon AR Live News

तमिलनाडु-केरल के तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान ‘बुरेवी’

cyclone burevi hits tamil nadu keralacyclone burevi hits tamil nadu kerala

तमिलनाडु/केरल,(ARLive news)। चक्रवाती तूफान बुरेवी को लेकर मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। बुरेवी के शुक्रवार को तमिलनाडु और केरल के तट पर तक आने का अनुमान है। अलर्ट के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

चक्रवाती तूफान की चेतावनी को देखते हुए एनडीआरएफ की आठ टीमों को केरल में तैनात किया गया है। वहीं वायुसेना और नौसेना की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। 175 परिवारों के 697 से अधिक लोगों को राहत कैंपों में पहुंचाया गया है। जबकि 2489 अन्य कैंप बनाए गए हैं। एनडीआरएफ की कई टीमें दोनों राज्यों में तैनात हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दोनों राज्यों के सीएम से बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।

तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट कल बंद रहेगा

मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल के दक्षिण हिस्से के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को कहा था कि तूफान श्रीलंका के ऊपर से गुजरते हुए उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ रहा है और इसके मन्नार की खाड़ी में उभरने की संभावना है। वायुसेना और नौसेना की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।

चक्रवात के मद्देनजर तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात 12 बजे तक उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई है। तूतीकोरिन हवाई अड्डा भी शुक्रवार को बंद रहेगा। चक्रवाती तूफान ‘बुरेवी’ के मद्देनजर तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट कल सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। यह कदम हवाई अड्डे के संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। तिरुवनंतपुरम की कलेक्टर नवजोत खोसा ने इसकी जानकारी दी है। पुडुचेरी में लगातार बारिश के कारण सरकारी और निजी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे।

Exit mobile version