Site iconSite icon AR Live News

ऑडी की तेज रफ्तार ने बुझा दिया एक घर का चिराग : कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आया था युवक

audi car accident jaipur speeding audi hits man on road man bounces to rooftop of house 3audi car accident jaipur speeding audi hits man on road man bounces to rooftop of house 3
गाड़ी इतनी रफ्तार में थी कि युवक के टक्कर लगने पर वह 30 फीट उपर उछला और फ्लाईओवर के पास बने घर की छत पर गिरा

जयपुर,(ARLive news)। जयपुर शहर के सोडाला क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार सुबह ऑडी कार की तेज रफ्तार ने एक घर का चिराग बुझा दिया। तेज रफ्तार ऑडी कार की टक्कर से युवक पाली निवासी माडाराम की मौत हो गयी। युवक कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने के लिए जयपुर आया था और परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने के लिए पुलिस मिशन कम्पाउंड से अजमेर रोड की ओर एलीवेटेड रोड से जा रहा था।

सोनी हाॅस्पिटल के नाम से रजिस्टर्ड है ऑडी कार

पुलिस ने ऑडी कार चालक युवति नेहा सोनी और इसकी सहेली प्रज्ञा अग्रवाल को हिरासत में लिया। यह ऑडी कार शहर के सोनी हाॅस्पिटल के नाम से रजिस्टर्ड है और कार भी नेहा सोनी ही चला रही थी।

ऑडी कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि जब कार ने सड़क पर चलते युवक को टक्कर मारी तो वह 30 फीट उपर तक उछला और एलीवेटेड रोड के पास बने घर की छत पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी और उसका मौके पर एक पैर भी कट कर अलग हो गया। इधर युवक को टक्कर मारने वाले ऑडी कार बेकाबू होकर एलीवेटेड रोड पर लगे खंभे से टकराई और इसके बाद रूकी। कार के सेफ्टी बैग खुल गए, इससे कार में बैठी दोनों युवतियों के चोट नहीं आयी।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची दुर्घटना थाना पुलिस ने मृतक के शव को एसएमएस अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया। कार को जब्त कर लिया है। साथ ही पुलिस ने नेहा सोनी और प्रज्ञा अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। परिजनों के जयपुर पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक के परिजनों द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के बाद कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

Exit mobile version