अहमदाबाद,(ARLive news)। शहर के पिराणा-पिपणज रोड पर मौजूद रेवा एस्टेट के साहिल एंटरप्राइज के कपड़ा गोदाम में बॉयलर फटने से आग लग गई। बॉयलर फटने से इमारत ढह गई। जिसकी वजह से 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि 9 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मलबे में अभी भी 2 लोग फंसे हुए हैं। आग लगने की वजह से घायल हुए 9 लोगों को इलाज के लिए एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साहिल एंटरप्राइज में मौजूद कपड़े का यह गोदाम भूटाभाई भारवाड की है। फैक्ट्री में सुरक्षा साधनों के अभाव की भी जानकारी सामने आ रही है। बाॅयलर फटने धमाका इतना तेज हुआ कि कारखाने के कई खंभे तो चकनाचूर हो गए। कपड़े का गोदाम होने की वजह से आग ने फौरन विकराल रूप धारण कर लिया था।
पुलिस फिलहाल गोदाम के मालिक से पूछताछ कर रही है। इस हादसे में मारे गए मजदूर के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद भी कारखाने की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है अभी मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

