जयपुर,(ARLive news)। जिले में मनोहरपुर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनोहरपुर टोल नाके से पहले करीब 2.45 करोड़ रुपए की ज्वैलरी के साथ एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से 32 बोर की एक रिवॉल्वर व 10 कारतूस बरामद किए। जब्त सोने की ज्वैलरी का वजन 6 किलोग्राम बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शंकर दत्त शर्मा ने बताया कि नेशनल हाईवे पर ऑपरेशन हाईवे क्लीन के तहत आईपीएस बृजेश उपाध्याय के सुपरविजन में मनोहरपुर थानाधिकारी रामस्वरूप बैरबा के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार रात को नाकाबंदी कर रही थी। तभी जयपुर से दिल्ली की तरफ जा रही एक बंद बॉडी पिकअप नजर आई। संदेह होने पर पुलिस ने उसे मनोहरपुर टोल नाके से पहले रुकवाकर पूछताछ की। ड्राइवर व सिक्योरिटी गार्ड से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पिकअप की तलाशी ली गई तो उसमें जीएसटी की चोरी कर लगभग ढाई करोड़ की सोने की ज्वैलरी बरामद हुई।
पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड 33 वर्षीय सत्य प्रकाश पुत्र नंद कुमार निवासी गोरखपुर यूपी हाल कांती नगर पोलोविक्ट्री को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि जीएसटी के 10 लाख रुपए बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड बेशकीमती ज्वैलरी चोरी छिपे पिकअप में जयपुर से दिल्ली ले जा रहा था। इसके बाद मौके पर जीएसटी विभाग के एन्टी एवीजन अधिकारी धर्मवीर चौधरी को बुलाया गया, जिनके द्वारा गाड़ी में मिले अलग अलग फर्मों के ज्वैलरी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

