संयुक्त बैठक में सहमति के बाद हाईवे पर आवागमन हुआ सामान्य
उदयपुर,(ARLive news)। डूंगरपुर-खेरवाड़ा में दिन तक जारी रहे उपद्रव के बीच उपद्रवियों ने रविवार दोपहर ऋषभदेव और झाड़ोल में भी तोड़फोड़ लूटपाट की। इसके बाद ऋषभदेव में पूरे दिन भारी जाब्ता तैनात रहा। उपद्रवी पहाड़ियों से पुलिस पर पथराव करते रहे और पुलिस ने जवाबी कार्यवाही में रबड़ बुलेट से कई फायर किए। हालां कि इस दौरान हुई सर्वदलीय बैठक में एसटी अभ्यर्थी अपना आंदोलन समाप्त करने को तैयार हो गए। इसके बाद अधिकारियों ने उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे एनएच 8 पर करीब 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में पेट्रोलिंग की और शाम 7 बजे के बाद यातायात शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशों पर रविवार को खेरवाड़ा पंचायत समिति सभागार में जनजाति अभ्यर्थियों के साथ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। इसके बाद शाम को जनजाति अभ्यर्थियों ने डूंगरपुर जिले की कांकरी डूंगरी से अपना धरना समाप्त कर दिया।
इनकी मौजूदगी में हुई बैठक
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुनसिंह बामनिया की मौजूदगी में आयोजित बैठक में उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद कनकमल कटारा, पूर्व केबिनेट मंत्री महेन्द्रजीतसिंह मालवीया व दयाराम परमार, पूर्व सांसद रघुवीरसिंह मीणा व ताराचंद भगोरा, डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा, सागवाड़ा विधायक रामप्रसाद, चौरासी विधायक राजकुमार रोत, पूर्व विधायक सुशील कटारा व देवन्द्र कटारा सहित पुलिस महानिदेशक (अपराध) एम.एल. लाठर, जयपुर पुलिस कमीश्नर आनन्द श्रीवास्तव और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) एम.एन. दिनेश के साथ ही उदयपुर संभागीय आयुक्त विकास एस भाले, आईजी बिनीता ठाकुर, उदयपुर जिला कलक्टर चेतन देवड़ा, डूंगरपुर कलक्टर कानाराम ने जनजाति अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमण्डल के साथ तसल्ली से चर्चा की तथा आंदोलन के विषय, लोकशांति कायम करने और आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान की राह पर विचार विमर्श हुआ और इसके बाद अभ्यर्थी धरना समाप्त करने को तैयार हो गए।
एसटी अभ्यर्थियों कोर्ट में एसएलपी दायर करेगी और सरकार सहयोग
जानकारी के अनुसार बैठक में यह तय हुआ है कि एसटी अभ्यर्थी अपनी मांग को लेकर एक एसएलपी कोर्ट में दायर करेंगे। इस संबंध में सरकार इनका सहयोग करेगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने मांग रखी कि इन तीन दिनों में जितने भी नामजद और गैर नामजद मुकदमे हुए हैं सरकार उन्हें वापस लेगी। इसमें आश्वासन दिया गया है कि कानून सम्मत प्रक्रिया अपनायी जाएगी। गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में हुए उपद्रव में करीब 1200 नामजद सहित 6000 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमें दर्ज किए गए हैं।
शहर से इंटरनेट सेवा बहाल, ग्रामीण क्षेत्र में कल रात तक इंटरनेट बंद
एसटी अभ्यर्थियों का आंदोलन समाप्त होने के बाद उदयपुर में नगर निगम क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी है। हालां कि ग्रामीण क्षेत्र में एहतियातन सोमवार रात तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। इस संबंध में कलेक्टर चेतन देवड़ा ने आदेश जारी किए है।

