मुख्यमंत्री शाम 5 बजे प्रतिनिधि मंडल से करेंगे बातचीत
पेट्रोल पम्प को लूट कर, वहां भी आगजनी की है
उदयपुर,(ARLive news)। डूंगरपुर जिले में अहमदाबाद हाईवे NH8 पर शुक्रवार को भी कांकरी डूंगरी के पास उपद्रव जारी है। हजारों की संख्या में इकट्ठे हुए उपद्रवियों ने 7 से 8 किलोमीटर हाईवे को कब्जे में लिया हुआ है। यहां 5 ट्रकों को आग लगा दी गयी है। पेट्रोल पम्प को लूट कर वहां भी आगजनी की है। पुलिस पर पथराव और आगजनी हो रही है। हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं और रबड़ बुलेट से फायर किए हैं। इसके बावजूद हालात बेकाबू है। उपद्रवियों के हमले और पथराव से बचने के लिए पुलिस जाब्ते को वापस भागना पड़ा है। एसपी, कलेक्टर सहित सभी उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। डूंगरपुर सहित उदयपुर से भी भारी जाब्ता डूंगरपुर में मौके पर है।
स्थिति के नियंत्रण के लिए आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एसटी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मंडल से बातची करेंगे और इस समस्या के समाधान का हल निकालने का प्रयास करेंगे। हालां कि हल क्या निकलेगा, इस पर अभी संशय बना हुआ है। क्यों कि एसटी अभ्यर्थियों की मांग पूरी करना सरकार के लिए आसान नहीं होगा।
एसटी अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती के लिए जो रीट 2018 की परीक्षा हुई थी, उसमें खाली रहे अनारक्षित वर्ग के 1167 पदों को भी एसटी सीट से भर दिया जाए। इस मांग को लेकर कांकरी डूंगरी में अभ्यर्थी 18 दिनों से आंदोलन कर रहे थे, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात भी की, प्रशासन ने भी समझाइश की, लेकिन मांग संवैधानिक नहीं होने के कारण इसके पूरे होने का कोई भरोसा नहीं दिला सका। इसी बीच 24 सितंबर कल दोपहर से अभ्यर्थियों ने हाईवे जाम कर दिया और उपद्रव शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों के समर्थन में बड़ी संख्या में आदिवासी इकट्ठे हो गए। हाईवे पर उपद्रव आज भी जारी है।
पहाड़ियों और जंगल में छुपे है उपद्रवी
जानकारी के अनुसार कांकरी डूंगरी के जिस इलाके में उपद्रवियों ने हाईवे पर कब्जा किया है, उसका 7 से 8 किलोमीटर हाईवे दोनों तरफ पहाड़ियों और जंगलों से घिरों है। उपद्रवियों ने हाईवे के इसी क्षेत्र को कब्जे में लिया है। दोनों तरफ पहाड़ियों और जंगलों पर उपद्रवी छुपे हुए हैं, जैसे ही पुलिस हाईवे को कब्जे में लेने के लिए आगे बढ़ती है, उपद्रवी उपर से पथराव कर देते हैं और मजबूरन पुसिल को वापस भागना पड़ता है।
इंटरनेट सेवा बंद
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मैसेज और इसके जरिए बढ़ रहे तनाव को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।

