भरतपुर,(ARLive news)। जिले के कामां कस्बे में जुरहरा थाना क्षेत्र के सहसन गांव में पिता ने अपनी दूसरी बीबी पर पहली बीबी की 8 वर्षीय पुत्री को जहर देकर मारने का आरोप लगाया। पिता ने मौत के 9 दिन बाद बुधवार को पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में बच्ची के शव को कब्र से निकलवा कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
कामां डीएसपी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव सहसन निवासी हबीब मेव ने दूसरी बीबी रोसीना पर आरोप लगाया है कि उसकी गैर मौजूदगी में उसने 14 सितंबर को बेटी मंतसा मेव को जहर देकर मार दिया। उसने मेरे आने का इंतजार भी नहीं किया और गांव वालों के साथ जल्दबाजी में शव को दफन दिया।
दरअसल हबीब मेव के पहली बीबी से 8 साल की एक बेटी मंतशा मेव है। हबीब मेव ने दो साल पहले पहली बीबी को तलाक देकर रोसीना मेव के साथ निकाह कर लिया था। हबीब मेव जेसीबी चलाने का कार्य करता है। जेसीबी चलाने के लिए वह गुजरात गया हुआ था। हबीब मेव अपनी 8 वर्षीय बेटी की मौत की खबर सुनकर जब गांव लौटा तो उसे घटना के बारे में पता चला।

