जयपुर,(ARLive news)। जिले के चाकसू थाना क्षेत्र में चंदलाई पुलिया के पास शिवदासपुरा में एक व्यक्ति ने रविवार देर रात पत्नी और सास की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खुद चाकसू थाना पहुंचा और पत्नी और सास की हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया। इसके बाद सोमवार सुबह डीसीपी मनोज कुमार चौधरी, एडिशनल डीसीपी अवनीश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
चाकसू थाना क्षेत्र में चंदलाई पुलिया के पास शिवदासपुरा में कोट का मौहल्ला निवासी 39 वर्षीय रामकिशन सैनी ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी मंजू व सास 60 वर्षीय गौरा देवी की रविवार-सोमवार रात 1 बजे चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। जिसके बाद रात 3:35 बजे रामकिशन सैनी अपने तीन बच्चों 15 वर्षीय आशीष सैनी, 13 वर्षीय आशीष अक्षय सैनी, व पुत्री 11 वर्षीय अमीषा सैनी को लेकर चाकसू थाना पहुंचा।
आरोपी पति ने थाने में पुलिस से कहा मेरे साथ घर चलो, वहां दोनों के शव पड़े हैं
रामकिशन सैनी ने पुलिस को बताया कि वह शिवम् कॉलोनी शिवदासपुरा में अपने ससुराल में परिवार के साथ रहता है। उसने पत्नी मंजू और सास गौरा देवी की गला काटकर हत्या कर दी। चाकसू पुलिस उसे लेकर शिवदासपुरा में घटनास्थल पर पहुंची। वहां कमरे में दोनों महिलाओं की शव पड़े हुए थे और कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था।
चाकसू थाने के उपनिरीक्षक शंभू सिंह ने शिवदासपुरा थाना प्रभारी इंद्राज मरोडिया को वारदात की जानकारी दी। इंद्राज मरोडिया ने दोहरे हत्याकांड मामले के आरोपी रामकिशन सैनी को हिरासत में लिया। तथा आईपीसी की धारा 302 के तहत ममला दर्ज कर जांच शुरू की। शवों को मौका मुआयना करने के बाद महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जहां आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

