कोटा (ARLive news)। कोटा जिले के इटावा में खातोली थाना पुलिस और कोटा जिला विशेष टीम ने कोटा रेंज में जुएं के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 लाख 85 हजार रुपये बरामद किये।
कोटा ग्रामीण एसपी शरद चौधरी ने बताया कि जिला विशेष टीम के पुलिस निरीक्षक रामलक्ष्मण गुर्जर और खातोली एसएचओ रामावतार शर्मा ने मुखबिर की सूचना पर खातोली में एक स्थान पर छापा मारकर 12 जुआरियों जितेंद्र उर्फ मोनू अन्थाना, अशोक, सुरेश मीणा, आशिक हुसेन, हेमंत, बाबूलाल, हरिशंकर, महावीर, चिरंजीलाल, मुकेश, मन्नालाल और सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी जुआरी अलग-अलग जिलों कोटा ,बारां,बूंदी ,टोंक ,सवाई माधोपुर से आये थे। पुलिस ने मौके से 13 लाख 85 हजार रुपये की राशि भी बरामद की है।

