Site iconSite icon AR Live News

जयपुर-अजमेर हाइवे पर कंटेनर अनियंत्रित होकर कार पर पलटा, दो की मौत

2 died in accident near 200 feet circle jaipur ajmer highway opposite hotel king highway2 died in accident near 200 feet circle jaipur ajmer highway opposite hotel king highway

जयपुर,(ARLive news)। जयपुर-अजमेर हाइवे पर 200 फीट चौराहे के पास बुधवार दोपहर को एक भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। कंटेनर के नीचे दबने से कार बुरी तरह से पिचक गई। हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना  मिलने पर एडिशनल डीसीपी ललित कुमार शर्मा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सोनचंद वर्मा मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार कमला नेहरु नगर स्थित फर्स्ट एक्सटेंशन जोधपुर निवासी 35 वर्षीय आशुतोष वेदी तथा सुरेश अपनी कार से जयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान  जयपुर-अजमेर हाइवे पर 200 फीट चौराहे के पास होटल हाइवे किंग के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। कंटेनर के नीचे दबने से कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया, जिससे चालक और उसका साथी कार में फंस गये।

हादसे के बाद वहां बङी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हाइवे पर ट्रैफिक को रोका गया। करीब आधा घंटे तक कार कंटेनर के नीचे दबी रही। बाद में क्रेनों की मदद से कंटेनर को खड़ा करवाया गया। साथ ही गैस कटर वाले को बुलाकर गैस कटर से कार के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर कार में मौजूद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। इनमें आशुतोष वेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

Exit mobile version