हनुमानगढ,(ARLive news)। हनुमानगढ जंक्शन में क्वारंटीन सेंटर बने किसान भवन की तीसरी मंजिल से शनिवार सुबह टॉयलेट का बहाना बनाकर एक कैदी फरार हो गया। उसे कोरोना जांच के लिए किसान भवन में रखा गया था। शनिवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाना था।
जंक्शन थानाप्रभारी नरेश गेरा ने बताया कि कैदी चांद मोहम्मद को कुछ दिन पहले चोरी के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसी बीच कोरोना जांच के लिए उसे क्वारंटीन सेंटर बने किसान भवन में तीसरी मंजिल पर रखा गया था। उसने सुबह 5 बजे सेंटर के स्टाफ से टॉयलेट जाने की बात कही। जिस पर स्टाफ ने हथकड़ी खोल उसे बाथरूम में भेजा। इसके बाद कैदी बाथरूम में अपने साफे की रस्सी बनाकर तीसरी मंजिल से नीचे उतरकर फरार हो गया।
कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी करवा दी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, जल्दी ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।

