नई दिल्ली,(ARLive news)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण “स्वच्छ सर्वेक्षण 2020” के परिणामों की घोषणा की। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में लगातार चौथी बार इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल हुआ। वहीं गुजरात के सूरत को दूसरा और महाराष्ट्र के नवी मुंबई को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इसमें जयपुर और जोधपुर 28वें और 29वें नंबर पर रहे हैं।
वहीं 10 लाख से कम आबादी वाले शहरों की रैंकिंग में राजस्थान का उदयपुर 54वें स्थान पर आया है। उदयपुर ने अपनी परफाॅरमेंस में काफी सुधार किया है, क्यों कि गत वर्ष उदयपुर 136वें पायदान पर था। साफ-सफाई को लेकर बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को पुरस्कृत भी किया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने देश के कुछ स्वच्छाग्रहियों और सफाईकर्मियों से बातचीत भी की। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इंदौर के सबसे स्वच्छ शहर बनने पर बधाई भी दी।
सर्वेक्षण में 100 से ज्यादा शहरों वाले राज्य में सबसे साफ राज्य छत्तीसगढ़ और 100 से कम शहरों वाले राज्य में सबसे साफ राज्य झारखंड घोषित किया गया। 100 से ज्यादा शहरों.निकायों वालें राज्य की रैंकिंग में राजस्थान 9वें नंबर है।

