कोटा,(ARLive news)। मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व से मंगलवार को वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक और बुरी खबर आई है। एमटी 2 बाघिन के 5 माह के शावक ने दम तोड़ दिया। तीन अगस्त को एमटी 2 बाघिन की मौत हो गयी थी, उसके बाद से ही का शावक का इलाज चल रहा था।
शावक का तीन डाक्टरों डा. राजीव गर्ग, तेजेंद्र सिंह रियाड़, अखिलेश पांडे की निगरानी में इलाज चल रहा था। शावक के लीवर व किडनी की भी जांच कराई थी। जांच के अनुसार शावक में प्रोटीन की कमी सामने आई थी। शावक खुद फीडिंग नहीं कर रहा था। जोधपुर से उसके लिए फूड सप्लीमेंट मंगवाकर उसे दिया जा रहा था। साथ ही उसे मीट के टुकड़े भी दिए जा रहे हैं, जिसे वह खाने का प्रयास कर रहा था। जू में शावक के इलाज के लिए एसी आईसीयू बनाया गया था, जहाँ सीसीटीवी के जरिये उस पर नजर रखी जा रही था।
गौरतलब है कि एमटी 2 बाघिन एक जून को पहली बार अपने दोनों शावकों के साथ दिखाई दी थी। मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में 23 जुलाई से अभी तक ये तीसरी मौत है। जबकि एमटी 2 बाघिन का एक शावक तथा दूसरा एमटी-4 बाघिन का शावक अभी लापता है। मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में फिलहाल दो टाइगर एमटी1 बाघ और एमटी4 बाघिन बचे हैं।

